सुचित्रा देवी महिला कांग्रेस से निष्कासित

हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस प्रदेश महासचिव सुचित्रा देवी महिला कांग्रेस से निष्कासित
हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती पर्ल चौधरी ने की घोषणा
सुचित्रा देवी के बयान और आरोपों को पूरी तरह से निराधार बताया गया
सुचित्रा देवी की मनसा महिला कांग्रेस की छवि और विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाना
फतह सिंह उजाला
गुरुग्राम। हरियाणा के बीते विधानसभा चुनाव में बावल विधानसभा क्षेत्र से टिकट मांगने वाली हरियाणा प्रदेश कांग्रेस की महासचिव रही सुचित्रा देवी को तुरंत प्रभाव से हरियाणा महिला कांग्रेस से निष्कासित कर दिया गया है। उक्त आशय की जानकारी हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती पर चौधरी के द्वारा दी गई है। सुचित्रा देवी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाने के संदर्भ में एक पत्र भी उनको भेजा गया है।
बीते दिन से विशेष रूप से हरियाणा कांग्रेस में खलबली का सामान हाल देखा जा रहा है। एक तरफ राज्यसभा के चुनाव भी होना प्रस्तावित है। ऐसे में अचानक हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की ही पदाधिकारी के द्वारा टिकट के बदले पैसे लेने की बात कही जाने या आरोप लगाने का मामला सुर्खियां बनते हुए तूल पकड़ गया। महिला कांग्रेस नेत्री के द्वारा लगाए गए इस प्रकार के आरोपों को हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के द्वारा पहले ही खारिज किया जा चुका है। 1 वर्ष के बाद और वह भी राज्यसभा चुनाव से पहले इस प्रकार के आरोप लगाने के पीछे कोई बड़ा खेल हो सकता है।
इसी कड़ी में हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती पर्ल चौधरी के द्वारा कहा गया है कि कांग्रेस पार्टी संगठन के संज्ञान में आया है कि सुचित्रा देवी के द्वारा समाचार पत्रों में ऐसे बयान दिए हैं जिनमें पार्टी पदाधिकारियों के खिलाफ निराधार और मनगढ़ंत आरोप लगाए गए हैं, जो सत्य से कोसों दूर हैं। यह बयान स्पष्ट रूप से दल-विरोधी प्रकृति के हैं और संगठन के हितों और अनुशासन के लिए हानिकारक हैं। यह भी देखा गया है कि यह कार्य कुछ विरोधियों के इशारे पर किए गए प्रतीत होते हैं, जिनका उद्देश्य हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की छवि, कार्यप्रणाली और विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाना है।
श्रीमती चौधरी ने कहा कि इस बेहद गंभीर मामले पर उचित विचार करने के बाद, संगठन ने सुचित्रा देवी के आचरण को गंभीरता से लिया है। तदनुसार, उनको कांग्रेस पार्टी संगठन के अनुशासन का उल्लंघन करने वाली और पार्टी के हितों के विपरीत गतिविधियों में शामिल होने के कारण हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस से तत्काल प्रभाव से निष्कासित किया जाता है। इस प्रकार की अनुशासनहीनता कांग्रेस पार्टी संगठन के द्वारा बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है।
